( अमिताभ पाण्डेय )
भोपाल।
इन दिनों भोपाल में ट्रैफिक पुलिस ने दोपहिया – चार पहिया गाड़ियों की चैकिंग के लिए विशेष अभियान चलाया है।
अगर आप अपनी गाड़ी पर फैंसी, स्टाइलिश या अधूरे नंबरों वाली नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे हैं तो ट्रैफिक पुलिस आपका चालान करने को तैयार है।
भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने शहरभर में दोषपूर्ण और बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ अभियान शुरू किया है।
इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि शहर में पहली बार गलत नंबर प्लेटों को पकड़ने के लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के हाई-टेक कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान बीते 29 मई से लगातार जारी है। 29 मई से 9 जून के बीच महज 12 दिनों के भीतर कुल 798 वाहन चालकों के चालान काटे जा चुके हैं।
इनमें से 223 चालान सीधे ITMS कैमरों के जरिए ऑटोमैटिक जनरेट कर वाहन मालिकों के घर भेजे गए हैं, जबकि 575 उल्लंघनकर्ताओं को ऑन-ग्राउंड चेकिंग के दौरान पीओएस मशीनों के जरिए मौके पर ही दंडित किया गया है।
वर्तमान में शहर के 28 चिन्हित चौराहों और थानों के 37 पॉइंट पर सघन चेकिंग चल रही है। आज भी लाल परेड ग्राउंड वाली सड़क पर पुलिस कंट्रोल रूम के पास ट्राफिक पुलिस का सघन चेकिंग अभियान चल रहा है।
इस तरह के अभियान में तेज रफ्तार वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्यवाही जरुरी है।
सवाल यह है कि जो वाहन चालक, वाहन मालिक अपनी गाड़ी पर पुलिस, प्रेस, वकील, जज, अध्यक्ष, महामंत्री, सांसद – विधायक अथवा इनके प्रतिनिधि की नेम प्लेट लगाकर घूम रहे हैं।
आम जनता से लेकर सड़क पर ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मियों पर रौब और अपनी ताकत दिखाना चाहते हैं उन पर ट्राफिक पुलिस कार्यवाही क्यों नहीं कर रही है?
जो अपने वाहन पर इस तरह की नेम प्लेट लगाकर घूम रहे हैं उन पर सख्त कार्यवाही के लिए भी भोपाल के साथ ही देश के हर प्रदेश में अभियान चलाना जरूरी है।
प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल बत्ती लगाने पर प्रतिबंध लगाकर बहुत अच्छा निर्णय लिया है। अब वाहनों पर पदनाम लिखने को भी प्रतिबंधित किया जाए। इस संबंध में आदेश का इंतजार है।
(लेखक सड़क सुरक्षा संबंधी विषय पर समाचार , आलेख लिखते हैं । संपर्क : 9424466269)





