सामाजिक जनजागृति बढ़ाने के लिए शिवधाम से रामधाम पदयात्रा करेंगे दिग्विजय सिंह

( अमिताभ पाण्डेय )

भोपाल।

सामाजिक जनजागृति बढ़ाने के लिए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आगामी 20 अक्टूबर से पदयात्रा करेंगे। यह यात्रा विजयादशमी के दिन प्रारंभ होगी जिसे सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा कहा जा रहा है।

शिवधाम (उज्जैन) से रामधाम (अयोध्या) तक होने वाली 950 किमी की इस यात्रा से जुड़ने के लिए श्री सिंह ने टोल फ्री नंबर 8982121282 जारी किया है। इसके साथ ही पैम्फलेट और डिजिटल पिटीशन https://www.change.org/Vote_Chanda_Chori

को भी जारी किया गया है।


इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने 7 अक्टूबर 2026 को अपनी पत्नी श्रीमती अमृता सिंह के साथ भोपाल में संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। यहां बताना जरूरी है कि सिंह दंपती इससे पहले 3 हजार 200 किमी की पैदल नर्मदा परिक्रमा कर चुके हैं।


पत्रकारों से चर्चा करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि “देश के सामने आज दो बड़े मुद्दे हैं, एक ‘वोट चोरी’, जिससे लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, और दूसरा ‘चंदा चोरी’, जिससे लोगों की धार्मिक आस्था और विश्वास प्रभावित हो रहा है। इन दोनों मुद्दों पर पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग को लेकर मैं सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहा हूं।”


यात्रा का स्वरूप बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि 20 अक्टूबर 2026 को उज्जैन के महाकाल मंदिर से प्रारंभ होकर ओरछा के रामराजा सरकार मंदिर से होते हुए अयोध्या के श्रीराम मंदिर तक पहुंचेगी।

उन्होंने आगे कहा कि यह एक शांतिपूर्ण जन-जागरण यात्रा होगी। हमारी यात्रा किसी धर्म, संप्रदाय या व्यक्ति के विरुद्ध नहीं है। हम समाज से कहना चाहते हैं, मंदिर हमारी आस्था के केंद्र हैं। श्रद्धालुओं का चढ़ावा और दान उनकी मेहनत और श्रद्धा से आता है। उस धन की रक्षा करना और उसका पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।


श्री सिंह ने बताया कि हमारी इस “सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा” में एक व्यक्ति अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) लेकर चलेगा और एक व्यक्ति धर्म ध्वज, जिसे इंद्र ध्वज भी कहा जाता है (पचरंगा), लेकर चलेगा।

पचरंगे झंडे के पांच रंगों का क्रम रहेगा: लाल — पीला — काला — सफेद — हरा। उन्होंने ध्वज में शामिल लाल रंग को शक्ति, ऊर्जा, साहस और संकल्प का प्रतीक बताया।

पीले रंग को ज्ञान, प्रकाश, पवित्रता और विवेक का प्रतीक, काले रंग को गंभीरता, तप, अंधकार के बोध और उस अंधकार से प्रकाश की ओर जाने का संकल्प बताया। उन्होंने सफेद रंग को सत्य, शांति, शुद्धता और सात्त्विकता का प्रतीक तथा हरे रंग को प्रकृति, जीवन, सृजन, पर्यावरण और समृद्धि का प्रतीक बताया।

श्री सिंह ने कहा कि इस प्रकार हमारा पचरंगा ध्वज शक्ति, ज्ञान, आत्मचिंतन, शांति और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश लेकर चलेगा।


उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट का ध्येय वाक्य “यतो धर्मस्ततो जयः” यात्रा का ध्येय वाक्य होगा। जिसका अर्थ है जहां धर्म (सत्य और न्याय) है वहीं विजय है। यदि हम सत्य के साथ हैं यदि हम न्याय के साथ हैं यदि हम ईमानदारी के साथ हैं यदि हम धर्म स्थलों की पवित्रता की रक्षा के लिए खड़े हैं तो हमारा मार्ग धर्म का मार्ग है।


पूर्व सीएम ने बताया कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा उज्जैन से अयोध्या तक कुल 930 किमी की यात्रा है जो मध्यप्रदेश में उज्जैन से प्रारंभ होकर तराना, शाजापुर, सारंगपुर, खुजनेर, राजगढ़, चाचौड़ा, आरोन, अशोकनगर, चंदेरी, तालबेहट (उत्तरप्रदेश), जेरोन, ओरछा, होते हुए उत्तरप्रदेश के चिरगांव, उरई, कालपी, कानपुर देहात, लखनऊ देहात, बाराबंकी होते हुए अयोध्या पहुंचेगी।


इस दौरान सिंह की पत्नी श्रीमती अमृता सिंह कहा कि दिग्विजय सिंह को एक व्यक्ति के रूप में अपने संकल्पों के लिए देखा जाए तो वे अपने संकल्पों में सतपुड़ा के समान हैं। जिस तरह विशाल, लंबी और अडिग रहने वाली पर्वत श्रृंखला के रूप में हम सतपुड़ा को देखते हैं वैसा ही व्यक्तित्व दिग्विजय सिंह का है।


श्रीमती सिंह ने कहा कि आचार और व्यवहार में दिग्विजय सिंह नर्मदा की तरह निर्मल हैं और सरल हैं, इतने सरल कि आप उन्हें मोड़ भी सकते हैं। उनकी निर्मलता में सादगी है ।


श्री सिंह के अनुसार सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की प्रमुख मांग निम्नलिखित हैं:


(1) श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट को तत्काल भंग किया जाए और श्रीराम मंदिर की व्यवस्था का दायित्व पूर्व में बने रामालय ट्रस्ट को सौंपा जाए, जिसमें सभी पीठों के पूज्य शंकराचार्य गण, रामानंद संप्रदाय के संत गण, निर्मोही अखाड़े के प्रमुख एवं गोरखनाथ मठ के प्रतिनिधि विशेष रूप से सम्मिलित हों।


(2) राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी की ताजा घटनाओं में ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव, कोषाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करवाया जाए तथा उन्हें भी आरोपी बनाया जाए।


(3) राम मंदिर ट्रस्ट में किसी भी राजनेता या सांप्रदायिक संगठनों के सदस्यों को न तो पदाधिकारी बनाया जाए और न ही उन्हें कोई दायित्व सौंपा जाए।


(4) देश के प्रधानमंत्री राम मंदिर में हुई चोरी और श्रद्धालुओं की आस्था पर पहुंची गंभीर चोट के विषय में मौन साधे हुए हैं। उनका यह मौन अनेक स्वाभाविक प्रश्न और संदेह उत्पन्न करता है, क्योंकि शास्त्रों में कहा गया है—“मौनं स्वीकृति लक्षणम्।”


(5) हमारी मांग है कि महाकाल मंदिर, उज्जैन, रामराजा मंदिर, ओरछा और श्री राम जन्मभूमि मंदिर सहित देश के प्रमुख धर्मस्थलों और उनसे जुड़े ट्रस्टों तथा सार्वजनिक परियोजनाओं में नियमित स्वतंत्र ऑडिट हो, आय-व्यय सार्वजनिक हो, दान एवं चढ़ावे का पारदर्शी हिसाब हो, जमीनों के प्रत्येक बड़े लेन-देन की जानकारी सार्वजनिक हो, निर्माण कार्यों और ठेकों में पारदर्शिता हो और जहां भी प्रथम दृष्टया अनियमितता मिले, वहां निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई हो। भगवान का नाम राजनीति, निजी लाभ या भ्रष्टाचार का माध्यम नहीं बनना चाहिए।


(6) प्रधानमंत्री को हमारी मांगों के अनुरूप निष्पक्ष और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, पूरे प्रकरण में पारदर्शिता स्थापित करनी चाहिए और यह सिद्ध करना चाहिए कि आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार की लूट, भ्रष्टाचार या अनियमितता को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। ऐसा करके वे न्याय, जवाबदेही और धार्मिक आस्था के सम्मान का एक उत्कृष्ट तथा न्यायसंगत उदाहरण प्रस्तुत कर सकते हैं।

– अमिताभ पाण्डेय

Editor

I am a journalist having over 25 years of experience in journalism. Having worked for several national dailies and as correspondent in All India Radio, I am currently working as a freelancer.

Related Posts

स्ट्रीट स्क्वाड: रैबीज़मुक्त भोपाल के लिए स्कूली छात्रा की पहल

भोपाल । एक स्कूली छात्रा का सपना अब पूरे शहर को जोड़ने वाले अभियान का रूप ले रहा है। इस संबंध में विश्व रैबीज़ दिवस से एक दिन पहले, 27…

भारत में सांसदों को नहीं है जलवायु परिवर्तन की चिंता?

– (अमिताभ पाण्डेय) इन दिनों सारी दुनिया के देश जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव से परेशान हैं। इस वैश्विक समस्या के समाधान को लेकर देश – दुनिया में लगातार चर्चा और…