भोपाल ।
एक स्कूली छात्रा का सपना अब पूरे शहर को जोड़ने वाले अभियान का रूप ले रहा है। इस संबंध में विश्व रैबीज़ दिवस से एक दिन पहले, 27 सितम्बर को अरेरा क्लब में एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
इसका आयोजन बिलबॉन्ग हाई इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 9 की छात्रा आश्वी पारिख ने अपनी ‘स्ट्रीट स्क्वाड कैंपेन’ के तहत किया।
यह अभियान तीन प्रमुख स्तंभों—जागरूकता (Awareness), डॉग्स डेटाबेस (Dogs Database) और एक्शन (Action) पर केंद्रित है। इसके अंतर्गत सामुदायिक जागरूकता, डॉग्स का व्यवस्थित डेटा तैयार करना तथा Animal Birth Control (ABC) और Anti-Rabies Vaccination (ARV) जैसी पहलों को बढ़ावा देना शामिल है।
आश्वी ने बताया कि स्कूलों, कॉलेजों, कार्यालयों और अन्य संस्थानों में मास्टर ट्रेनर्स तैयार किए जाएंगे, डॉग्स की जानकारी दर्ज करने के लिए डिजिटल और फिजिकल डेटाबेस बनाए जाएंगे तथा निवासियों को स्टेरिलाइजेशन और वैक्सीनेशन के लिए सक्रिय रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।
सत्र में शिक्षकों, पशु चिकित्सकों, पत्रकारों, पशु-कल्याण कार्यकर्ताओं और सरकारी अधिकारियों ने भाग लिया। सभी का साझा उद्देश्य भोपाल को अधिक सुरक्षित और स्वस्थ बनाना तथा मानव-डॉग संघर्ष को कम करना था।
अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को व्यक्तिगत प्रयास को सामुदायिक अभियान में बदलने के लिए प्रेरित करना है।इस पहल से जुड़ने या अधिक जानकारी के लिए ईमेल पर संपर्क किया जा सकता है – straydogsabc.bhopal@gmail.com
– विजयलक्ष्मी पाण्डेय




