Tuesday, 13 October 2026
Trending

सच्चा वादा-पक्का काम ही राज्य सरकार की है पहचान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि “सच्चा वादा और पक्का काम” राज्य सरकार की पहचान है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय समाज के राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सभी को माता शबरी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम और माता शबरी का प्रेम सनातन संस्कृति में समरसता और समानता का संदेश देता है तथा समाज में जातिवाद के लिए कोई स्थान नहीं है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शहडोल जिले के धनपुरी में नगर पालिका द्वारा 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वॉटर पार्क के लोकार्पण अवसर पर संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ और मुख्यमंत्री का पारंपरिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण विकास घोषणाएं कीं। उन्होंने धनपुरी में गीता भवन निर्माण, शहडोल सिंचाई कॉम्पलेक्स के अंतर्गत सोन नदी पर चार माइक्रो सिंचाई परियोजनाओं, जैतपुर को नगर पंचायत बनाने, शहडोल मेडिकल कॉलेज में सीट वृद्धि, 160 करोड़ रुपये की लागत से 45 किलोमीटर सड़क निर्माण, जैतपुर महाविद्यालय में कला एवं विज्ञान भवन, नए महाविद्यालय की शुरुआत और 3 किलोमीटर मॉडल रोड निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना सहित महिला सशक्तिकरण की अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों की आय बढ़ाने के लिए वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और 30 लाख सोलर पंप दिए जाएंगे।

सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह और विधायक श्री जय सिंह मरावी ने सरकार की विकास योजनाओं की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Secret Link