( विश्वदीप नाग )
भोपाल।
सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और उसे भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने की दिशा में वरिष्ठ पुरातत्त्वविद् डॉ. दिनेश कुमार माथुर ने एक महत्त्वपूर्ण पहल की है।
माथुर सभा, भोपाल द्वारा विगत 14 नवंबर को शौर्य स्मारक के सामने स्थित नाइन मसाला रेस्टोरेंट में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में उनकी शोधपरक पुस्तक ‘एंटोमोडिटीरियोरेशन ऑफ कल्चरल प्रॉपर्टी’ का विमोचन किया गया।
यहां यह बताना जरूरी होगा कि डॉ. दिनेश माथुर, डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर पुरातत्त्व शोध संस्थान, भोपाल के निदेशक तथा मध्य प्रदेश शासन के पुरातत्त्व विभाग के उपसंचालक पद पर अपनी सेवाएँ दे चुके हैं।
पुरातत्त्व के क्षेत्र में 36 वर्षों का अनुभव रखने वाले डॉ. माथुर ने नर्मदा, बेतवा, चंबल और सोन सहित विभिन्न नदियों के तटों पर स्थित प्राचीन स्थलों पर 18 पुरातात्त्विक उत्खनन किए हैं।
वर्ष 1992 में उन्होंने जापान के योकोहामा में सांस्कृतिक धरोहरों के जैविक क्षरण पर आयोजित द्वितीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया था।उनकी यह पुस्तक दुर्लभ पांडुलिपियों, ताड़पत्रों, भोजपत्रों, चित्रों, वस्त्रों, काष्ठ कलाकृतियों तथा संग्रहालयों में संरक्षित पुरावशेषों को विभिन्न प्रकार के कीटों से होने वाली क्षति और उसकी रोकथाम पर केंद्रित है।

मध्य प्रदेश के छह संग्रहालयों के गहन सर्वेक्षण एवं वैज्ञानिक अनुसंधान पर आधारित इस पुस्तक में कीट विज्ञान और पुरातत्त्व के अनूठे समन्वय से विकसित ‘एंटोमो-आर्कियोलॉजी’ जैसे विशिष्ट अध्ययन क्षेत्र पर प्रकाश डाला गया है।
यह पुस्तक पुरातत्त्वविदों, इतिहासकारों, संग्रहालय एवं अभिलेखागार विशेषज्ञों तथा शोधार्थियों के लिए एक उपयोगी संदर्भ ग्रंथ होने के साथ ही देश की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक उल्लेखनीय योगदान है।
विमोचन के अवसर पर मध्य प्रदेश डाक परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल विनीत माथुर, माथुर सभा के अध्यक्ष एवं पूर्व जनसंपर्क संचालक अनिल माथुर, अजय माथुर, अरुण माथुर, सतीश माथुर, शिवमोहन माथुर, अशोक माथुर, मयंक माथुर, संजीव माथुर, डॉ. सोमेश माथुर सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।




