Monday, 2 November 2026
Trending

भव्य स्वरूप में बनेगा कैंची धाम वाले नीब करोली महाराज-बाबा का हनुमत धाम 

भोपाल

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भोपाल, सनातन संस्कृति के केंद्र के रूप में पहचान बनाने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ा है। कैंची धाम वाले नीम करोली महाराज के हनुमत धाम के निर्माण से भोपाल की आभा और कीर्ति बढ़ेगी। भोपाल में राजा भोज के नाम से भोज द्वार बनाने का संकल्प लिया था, हनुमत धाम निर्माण भी इसी दिशा में एक कदम है। सम्राट विक्रमादित्य सहित भारतीय संस्कृति से जुड़े सभी गौरवशाली पक्षों को यहां प्रदर्शित किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कैंची धाम वाले नीब करोली महाराज के रतनपुर भोपाल में बन रहे हनुमत धाम के भूमि पूजन कार्यक्रम को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर प्रकाशित स्मारिका “कैंची धाम वाले नीब करोली महाराज-बाबा का हनुमत धाम” का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में बाबा का धाम बनाने का राम राज बाबा नीब करौरी चैरिटेबल ट्रस्ट का संकल्प स्वागत योग्य है। बाबा से जुड़े कार्यक्रम में सम्मिलित होना सौभाग्य का विषय है। धाम निर्माण का संकल्प एक अध्यात्मिक युग के सूत्रपात जैसा है।

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कैंची धाम की महिमा देश-विदेश में अनुभव की जा रही है। वैश्विक स्तर पर उनके अनुभवों और संदेशों से लोग प्रेरणा ले रहे हैं। भोपाल का यह धाम सम्पूर्ण प्रदेश और आस-पास के राज्यों के लिए बाबा के आशीर्वाद का केन्द्र बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धाम के लिए डॉ. बृजेश श्रीवास्तव द्वारा भूमि समर्पित करने के लिए उनकी सराहना करते हुए भूमि दान को अनुकरणीय पहल बताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने भी अपने विचार रखे। मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, डॉ. बृजेश श्रीवास्तव, श्री नितेन्द्र शर्मा, श्रीमती अनिता अग्निहोत्री तथा बाबा नीम करौरी की पौत्र-वधु श्रीमती शैलजा शर्मा उपस्थित थीं। 

रतनपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पर सांसद भोपाल आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा एवं भगवानदास सबनानी, बाबा नीब करौरी के पौत्र डॉ. धनंजय शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार राकेश अग्निहोत्री सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

– अमिताभ पाण्डेय 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link