पाटलिपुत्र खेल परिसर (पटना, बिहार) :
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग, बिहार सरकार एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में शुरू हो गई। प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय ग्रैंडमास्टर और शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक विजेता टीम के कप्तान रहे नारायण श्रीनाथ ने रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव के साथ खेल कर किया।

आज सुबह दस बजे से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में चार देशों और अठारह राज्यों के कुल 617 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें एक ग्रैंडमास्टर, एक इंटरनेशनल मास्टर और तीन एफएम शामिल हैं। उद्घाटन समारोह में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के उप निदेशक हिमांशु सिंह ने आगंतुकों का स्वागत किया, जबकि अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।


प्रतियोगिता के पहले दिन दो चक्र खेले गए। दूसरे चक्र में शीर्ष बोर्ड पर रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव ने बंगाल की रियाना खातून को 42 चालों में फ्रेंच डिफेंस खेलकर पराजित किया। वहीं दूसरे बोर्ड पर बिहार के खिलाड़ी रेयान मोहम्मद ने ज़ुकेरटोर्ट ओपनिंग से खेलते हुए महज 25 चालों में स्थानीय खिलाड़ी कार्तिकेय नंदन को हराया। तीसरे बोर्ड पर बंगाल की अलेख्य मुखोपाध्याय ने वैभव मिश्रा को 21 चालों में इंग्लिश ओपनिंग खेलकर पराजित किया।
नारायण श्रीनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सरकार और प्राधिकरण के संयुक्त प्रयास से राज्य में खेल प्रतिभाओं को निखारने का कार्य जारी है। उन्होंने शतरंज में उभरते बिहार के खिलाड़ियों जैसे रेयान मोहम्मद, मरियम फातिमा, देवांश केशरी का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य में युवा खिलाड़ियों की एक नई पीढ़ी तैयार हो रही है। उन्होंने आधुनिक शतरंज प्रशिक्षण केंद्र खोलने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

प्रतियोगिता में राज्यस्तरीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में अखिल बिहार शतरंज संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना, एथलेटिक संघ के सचिव लियाकत अली, सिक्किम शतरंज संघ के सचिव महेंद्र ढकाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह प्रतियोगिता बिहार में शतरंज के स्तर को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





