प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री इब्राहिम के साथ कुआलालंपुर में वार्ता की

ApniKhabar

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मलेशिया में कुआलालंपुर में वहां के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ व्यापक बातचीत की। उन्‍होंने राजनीतिक, रक्षा तथा  सुरक्षा सहयोग, व्यापार तथा निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, शिक्षा, पर्यटन और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।

    प्रधानमंत्री मोदी की मलेशिया यात्रा के दूसरे और अंतिम दिन, दोनों पक्षों ने आपदा प्रबंधन, ऑडियोविजुअल सह-निर्माण, भ्रष्टाचार निवारण तथा रोकथाम और सेमीकंडक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सोलह समझौतों और प्रतिबद्धताओं पर काम करने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की ।

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि खुफिया जानकारी साझा करने, समुद्री सुरक्षा, रक्षा और आतंकवाद विरोधी उपायों से  दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ेगा। उन्‍होंने रेखांकित किया कि आतंकवाद पर भारत का रुख स्पष्ट है, जिसमें कोई दोहरा मापदंड या समझौता नहीं है।

    प्रधानमंत्री,  मलेशिया की अपनी तीसरी आधिकारिक यात्रा पर थे और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर संबंधों को उन्नत किए जाने के बाद उनकी यह पहली यात्रा थी। इस दौरान इस बात पर प्रकाश डाला गया कि भारत और मलेशिया के बीच सहयोग बढ़ रहा है और दोनों पक्ष कृत्रिम मेधा, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को और गहरा करेंगे। उन्होंने कहा कि सीईओ फोरम ने व्यापार और निवेश के नए अवसर खोले हैं।

    प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि भारत आसियान की केंद्रीय भूमिका के प्रति प्रतिबद्ध है और उन्होंने आसियान की अध्यक्षता के लिए मलेशिया को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों देश आसियान-भारत व्यापार समझौते की समीक्षा जल्द से जल्द पूरी करने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत और मलेशिया हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विकास, शांति और स्थिरता के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

    वार्ता के बाद जारी भारत-मलेशिया संयुक्त वक्तव्य में व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए दोनों पक्षों की प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई। दोनों नेताओं ने बुनियादी ढांचे, अक्षय ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, सेमीकंडक्टर और डिजिटल प्रौद्योगिकियों सहित प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में व्यापार बढ़ाने और सहयोग का विस्तार करने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने 10वें भारत-मलेशिया सीईओ फोरम के परिणाम का भी स्वागत किया।

    संयुक्त वक्तव्य में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम मेधा और फिनटेक में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए मलेशिया-भारत डिजिटल परिषद के औपचारिक गठन का भी उल्लेख किया गया। दोनों पक्षों ने व्यापार और पर्यटन को सुगम बनाने के लिए सीमा पार भुगतान संपर्क स्थापित करने के प्रयासों का भी समर्थन किया।

    यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री ने प्रमुख मलेशियाई कंपनियों के अधिकारियों सहित अग्रणी व्यापार प्रतिनिधियों के साथ निवेश योजनाओं और प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। मलेशिया, आसियान के भीतर भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है, जिसका द्विपक्षीय व्यापार लगभग बीस अरब अमेरिकी डॉलर का है। 

Editor

I am a journalist having over 25 years of experience in journalism. Having worked for several national dailies and as correspondent in All India Radio, I am currently working as a freelancer.

Related Posts

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने माल परिवहन का कीर्तिमान स्थापित किया

ApniKhabar

ApniKhabarदक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने चालू वित्तीय वर्ष में माल परिवहन के क्षेत्र में बीते उन्नीस मार्च को ढाई सौ मिलियन टन फ्रेट लोडिंग का आंकड़ा पार कर नया कीर्तिमान…

खत्म होने वाला है ईरान-इजरायल युद्ध? डोनाल्ड ट्रंप ने दिए संकेत

ApniKhabar

ApniKhabarनई दिल्ली: इज़राइल ने शनिवार को तेहरान और बेरूत पर हमले किए, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों को समाप्त करने…