मेघालय में थांग्सको क्षेत्र के म्यंसंगट में खदान विस्फोट के बाद खोज और बचाव अभियान जारी है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल- एनडीआरएफ, राज्य आपदा मोचन बल- एसडीआरएफ, विशेष बचाव दल – एसआरटी, जिला पुलिस और प्रशासन की टीम इस अभियान में लगी हुई है। कल दो और शव बरामद होने के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। इस बीच प्रभावित खदान स्थलों पर तलाशी अभियान का काम जारी है।
पूर्वी जयंतिया हिल्स जिला प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत घटनास्थल पर कार्यकारी मजिस्ट्रेट, पुलिस और खनिज संसाधन निदेशालय के अधिकारियों सहित पांच टीमें तैनात की गई हैं।
इस अभियान के दौरान उमलावांग क्षेत्र के अंतर्गत 9 स्थानों से लगभग 3,197 मीट्रिक टन कोयला और उमथे क्षेत्र के अंतर्गत 4 स्थानों से 351 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया। 6 फरवरी को चलाए गए इसी तरह के अभियान में, सखैन-थांग्सको सड़क किनारे 8 स्थानों से औजारों और उपकरणों के साथ 3,356 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया था।
इसके अलावा अवैध खनन गतिविधियों से जुड़े अस्थायी शिविरों की पहचान कर उन्हें नष्ट कर दिया गया। अवैध खनन के मामलों में प्राथमिकी दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।






