नई दिल्ली:
क़तर में फंसे भारतीयों की घर वापसी तेज़ हो गई है। आज क़तर एयरवेज़ की उड़ानों से करीब 1100 भारतीय नई दिल्ली, मुंबई, कोच्चि और अन्य शहरों के लिए रवाना हुए। इन गंतव्यों के लिए 17 मार्च को भी उड़ानें संचालित होंगी।
क़तर एयरवेज़ ने घोषणा की है कि 18 मार्च से अहमदाबाद, अमृतसर, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोच्चि, कोझिकोड और मुंबई के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी। यात्रियों को टिकट बुकिंग और ताज़ा जानकारी के लिए एयरलाइन की वेबसाइट, ऐप या ट्रैवल एजेंट से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि उड़ानों की बढ़ती उपलब्धता को देखते हुए ट्रांज़िट और अल्पकालिक यात्रियों के लिए पंजीकरण लिंक जल्द बंद किया जाएगा। साथ ही, सऊदी अरब के रास्ते भारत लौटने के लिए अस्थायी ट्रांज़िट वीज़ा की सुविधा भी दी जा रही है। दूतावास का 24 घंटे कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन भी मदद के लिए सक्रिय है।






