apnikhabar.co.in

जयपुर-मुख्यमंत्री ने 207 नवीन बसों को दिखाई हरी झण्डी

March 19, 2026 · Editor

जयपुर, 19 मार्च।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान दिवस के अवसर पर गुरूवार को अजमेर रोड स्थित बस टर्मिनल से राज्य पथ परिवहन निगम की 207 नवीन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने 700 महिलाओं को सड़क सुरक्षा अग्रदूत के रूप में हेलमेट का वितरण भी किया।

इन नवीन बसों के संचालन से प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के और सुदृढ़ होगी तथा आमजन को बेहतर यातायात सुविधाएं भी मिल सकेंगी।  इस दौरान शर्मा ने सभी प्रदेशवासियों को राजस्थान दिवस एवं हिन्दू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी ने 30 मार्च 1949 को भारतीय नववर्ष की चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को रेवती नक्षत्र इन्द्रयोग में वृहद् राजस्थान की स्थापना की थी। इसीलिए हमारी सरकार ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर ही राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में इस वर्ष 19 मार्च को यह गौरवशाली दिवस पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। हमारी सरकार द्वारा राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य पर गत कई दिनों से विभिन्न राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने राजस्थान दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना भी की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवीन बसों का विधिवत पूजन कर शुभारम्भ किया। इन बसों में आरएसआरटीसी की ओर से सर्विसलाइन पर ली गई 100 ब्लूलाइन एक्सप्रेस बसें, 79 स्टारलाइन बसें तथा 28 एसी वाहन की बसें शामिल हैं।

इन बसों के शामिल होने से राजस्थान रोडवेज के बेड़े में कुल 207 नई बसों की वृद्धि हुई है।

बसों में नवीनतम सुरक्षा मानकों को उपयोग किया गया है, जिससे आमजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक यातायात सुविधाओं का लाभ मिल सके। 

शर्मा ने महिलाओं से संवाद कर यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित भी किया। इस अवसर पर शर्मा का आमजन ने माल्यार्पण कर स्वागत-अभिनंदन किया तथा राजस्थान दिवस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद मंजू शर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिधिगण, अधिकारीगण एवं आमजन मौजूद रहे।

Related News