apnikhabar.co.in

राबड़ी देवी के नेतृत्व में राजद का विधान मंडल में प्रदर्शन

February 11, 2026 · Editor

पटना , बिहार :बिहार विधान मंडल में आज राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कई एमएलसी ने विपक्ष की नेता राबड़ी देवी के नेतृत्व में नीतीश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने विधान मंडल के प्रवेश द्वार पर पोस्टर लेकर नारेबाजी की। पोस्टरों पर लिखा था— “मुख्यमंत्री होश में आओ”, “विधायकों को धमकाना बंद करो” और “भ्रष्टाचारियों की सरकार होश में आओ” जैसे नारे।

राजद के एमएलसी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन में विपक्ष के सदस्यों को धमकाते हैं। उनका यह भी कहना था कि सरकार के मंत्री भी सदन के भीतर विपक्षी सदस्यों को अपमानित करते हैं।

दरअसल, हाल ही में विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। इस दौरान नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी को ‘लड़की’ कहकर संबोधित किया था, जिसे राजद ने महिलाओं का अपमान बताया। इस मुद्दे पर राबड़ी देवी के पुत्र और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी नीतीश कुमार पर कड़ी टिप्पणी की थी।

वहीं, एक दिन पहले विधान परिषद में राजद के सदस्य सुनील कुमार और मंत्री अशोक चौधरी के बीच भी तीखी बहस हुई थी। दोनों के बीच कथित रूप से गाली-गलौज होने की खबरें भी सामने आई थीं।

Related News